फीरोजाबाद। बीएलओ, लेखपाल एवं पंचायत सचिव खुद तय करें कि उन्हें आयोग के साथ रहना है अथवा चुनाव में बवाल करने वालों के साथ। मतदाता सूची को बनाने में लापरवाही पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। सूची में गड़बड़ करने वाले बीएलओ को सीधे जेल भेजा जाएगा।
डीएम विजय किरन आनंद निगम के पालीवाल हॉल में ही फीरोजाबाद तहसील क्षेत्र के बीएलओ, लेखपाल, सचिवों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण चुनाव होगा। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदाता सूची के शत-प्रतिशत ठीक होने पर ही कराया जा सकता है। इस काम को प्रत्येक गांव में बीएलओ को करना होगा। बीएलओ लेखपालों एवं पंचायत सचिवों का सहयोग लें। बीएलओ द्वारा फोन नहीं उठाया जाना कहां का न्याय है? किसी बीएलओ को बख्शा नहीं जाएगा। मतदाता सूची में कोई मृतक अथवा बच्चों के नाम नहीं होने चाहिए। यदि कोई दबंगई करता है तो उसकी सूचना दें। वहीं सूची को लेकर किसी गांव में बवाल, पथराव और फायरिंग हुई तो गांव में तैनात बीएलओ को सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने वाजिदपुर कुतुकपुर गांव में इपिक रेशो ज्यादा होने पर बीएलओ को तलब किया। उसने आठ किमी की दूरी बताने पर एसडीएम पंकज वर्मा को पड़ताल के निर्देश दिए। दतावली के सुभाषचंद्र ने मतदाताओं का रेशो भी पिछले चुनाव से घटने पर कहा कि ठीक होना चाहिए। नारखी के बड़ागांव, मदनपुर ओखरा की भी पड़ताल की। हरदासपुर के बीएलओ ने ढकपुरा के 21 वोट का मामला उठाया डीएम ने स्पष्ट कहा कि एक गांव के दो स्थानों पर वोट नहीं हो सकते। एसडीएम डा. पंकज वर्मा, तहसीलदार जीत सिंह राय, बीडीओ सदर धर्म वीर सिंह, बीडीओ नारखी प्रतिमा निमेष, एडीओ पंचायत पन्नालाल, लाखन सिंह, एडीओ एसटी दिनेश यादव आदि मौजूद थे।