यूजीसी के नए कानून का भाजपा में विरोध शुरू हो गया है। फिरोजाबाद में भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस दाैरान उन्होंने पार्टी के शीष नेतृत्व पर भी तीखा प्रहार किया।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री शशि तोमर ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूजीसी के नए कानून के विरोध में उन्होंने अपने इस्तीफे का एलान किया।
विज्ञापन
मंगलवार को शशि तोमर ने अपना इस्तीफा सोशल मीडिया पर डालकर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी। उन्होंने यूजीसी कानून को सवर्ण समाज के बच्चों के विरुद्ध एक षड्यंत्र करार देते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा प्रहार किया। आरोप लगाया कि इस कानून के माध्यम से आजाद भारत में एक विशिष्ट समाज के बच्चों को गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है।
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए शशि तोमर ने बताया कि वह भाजपा की चार बार की सक्रिय सदस्य रही हैं और पूर्व में निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन में मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पदाधिकारी के रूप में भी कार्य किया है। कहा कि वह इस कानून का पूर्ण बहिष्कार करती हैं।
विज्ञापन
भाजपा की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्वेता पोरवाल ने बताया कि व्हाट्सएप पर शशि तोमर द्वारा इस्तीफे का एलान किया गया है। उनका इस्तीफा अभी अधिकारिक रूप से मेरे पास नहीं आया है। आने के बाद उस पर विचार किया जाएगा।