एका। एका निवासी अमन कुमार उस समय हैरान रह गए जब उनकी बाइक घर पर खड़ी होने के बावजूद उस पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने के दो चालान काटे गए। युवक का दावा है कि जिन तारीखों को चालान काटे गए, उस समय उनकी बाइक घर पर ही थी। इससे यह आशंका गहरा गई है कि किसी अन्य व्यक्ति की ओर से उनकी बाइक के नंबर प्लेट का फर्जी इस्तेमाल किया जा रहा है।
एका निवासी अमन कुमार ने बताया कि 24 अगस्त को उनकी बाइक घर पर खड़ी थी। इसके बावजूद, उसायनी, फिरोजाबाद में यातायात पुलिस ने हेलमेट न पहनने के आरोप में उनकी बाइक का 1000 रुपये का चालान कर दिया। अमन के अनुसार, 9 सितंबर को भी उनकी बाइक घर से बाहर नहीं निकली थी। इसके बावजूद, उसी दिन आगरा के भगवान टॉकीज स्थित अबू आला की दरगाह के पास तीन सवारी बैठाने के आरोप में 1000 रुपये का एक और चालान जारी कर दिया गया। लगातार दो चालान आने के बाद, युवक ने दोनों स्थानों पर अपनी बाइक ले जाने से इंकार किया है।
इस मामले को लेकर अमन ने थाना एका में तहरीर दी है। युवक ने पुलिस से इस मामले की जांच कराने, फर्जी नंबर का इस्तेमाल करने वाले की पहचान कर कार्रवाई करने और गलत तरीके से काटे गए चालानों से राहत दिलाने की मांग की है।