औद्योगिक आस्थान को मिलेगी निर्बाध बिजली
अब इसे उसायनी फीडर से भी जोड़ा जाएगा, उद्यमियों ने बैठक में की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जलेसर रोड स्थित औद्योगिक आस्थान को अब निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। आस्थान को पहले आसफाबाद फीडर से आपूर्ति दी जाती थी, अब से उसायनी फीडर से भी जोड़ा जाएगा। इसकी शासन से मंजूरी मिल गई है।
यूपीसीडा के औद्योगिक आस्थान में आसफाबाद फीडर से बिजली की आपूर्ति होती है। अत्यधिक लोड वाले आसफाबाद फीडर से होने वाली कटौती के कारण औद्योगिक आस्थान में इकाई संचालकों को रात के वक्त काफी दिक्कत होती थीं। इससे औद्योगिक गतिविधियां भी प्रभावित होती थीं। इस समस्या के निदान के लिए उद्यमियों के संगठन द ऑनर्स ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उद्योग बंधु की बैठक में डीएम को इस समस्या से अवगत कराया था। डीएम ने बिजली निगम के अफसरों को समस्या निदान के लिए आस्थान के नजदीक उसायनी फीडर से अतिरिक्त लाइन डालने का प्रस्ताव दिया था। द ऑनर्स ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अध्यक्ष इंजीनियर राजकुमार शर्मा के मुताबिक प्रस्ताव को शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। उसायनी फीडर से जुड़े मेडिकल कॉलेज से औद्योगिक आस्थान तक लगभग 200 मीटर लंबी नई 133 केवीए की एक लाइन डाली जाएगी। वहीं बिजली निगम के अफसरों के मुुताबिक नई लाइन के लिए डीपीआर और टेंडर प्रक्रिया पूरी करा ली गई है। लाइन डालने का काम जल्द शुरू हो जाएगा।