छतारी ग्लास वर्क्स में निरीक्षण को पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। चूड़ी कारखानों में श्रम कानूनों के उल्लंघन की शिकायत पर अब जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाना शुरू कर दी है। मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित एक चूड़ी इकाई में जांच को पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट को श्रम कानून से जुड़ीं कई अनियमिताएं मिलीं। कारखाने में श्रमिकों की हाजिरी रजिस्टर नहीं मिला। वहीं मेहनताना भुगतान से जुड़े अभिलेख भी कारखानेदार नहीं दिखा सके। नगर मजिस्ट्रेट ने इकाई के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी है।
कांच एवं चूड़ी उद्योग मजदूर संघ ने गत नौ अक्तूबर को जिलाधिकारी को शिकायतीपत्र दिया था। शिकायती पत्र में मजदूर संघ ने कांच चूड़ी कारखानेदारों पर कामगारों से जबरिया आठ घंटे से अधिक काम कराने, श्रम कानूनों का उल्लंघन का आरोप लगाया था। जांच के लिए नगर मजिस्ट्रेट ने मंगलवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी बीके त्रिवेदी एवं शिवशंकर पाल के साथ स्टेशन रोड स्थित छतारी ग्लास में दस्तक दी। निरीक्षण के दौरान मौजूद श्रमिकों से पूछताछ के दौरान आठ घंटे से अधिक काम चलाने की पुष्टि नहीं हो सकी। लेकिन चूड़ी कामगारों को नियमानुसार वेतन भुगतान, 12 नंबर रजिस्टर में हाजिरी दर्ज नहीं किए जाने संबंधी कई अनियमिताएं कारखाने में मिली। इसके साथ ही मेहनताना भुगतान के अभिलेख तक नगर मजिस्ट्रेट को कारखानेदार नहीं दिखा सके।
अनियमितताओं के संबंध में नगर मजिस्ट्रेट की ओर से संबंधित इकाईयों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है। निरीक्षण को पहुंचे अधिकारियों के मुताबिक छतारी ग्लास वर्क्स में सेवायोजकों ने जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए। कहा गया कि अभिलेख मुनीमजी के पास हैं और उनकी तबियत खराब है।