इटावा से लूटा गया कैंटर बरामद, दो गिरफ्तार
- चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर दिया गया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कैंटर चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर तीन दिन पहले इटावा के सहसो थाना क्षेत्र से लूटा गया कैंटर रामगढ़ पुलिस ने मंगलवार रात बरामद कर लिया। वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा एसएसपी ने की है।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर रामगढ़ थानाध्यक्ष हरर्वेंद्र मिश्रा ने पुलिस बल के साथ सैलई चौराहे पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रहे थे। तभी यह सफलता मिली। बदमाशों की पहचान धर्मेंद्र कुमार निवासी बांजरा थाना एवरा कटरा, औरैया व शिवम निवासी उसीरा थाना भरथना इटावा के रूप में हुई है। बदमाशों ने बताया कि कैंटर को अपने साथी मुकेश निवासी भवानीपुर थाना कुदरकोठ औरैया, अजय निवासी पथरैया थाना कुदरकोठ औरैया और मनीष यादव ने इटावा के सहसो थाना क्षेत्र से चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर तीन दिन पहले लूटा था और कैंटर चालक को रास्ते मे छोड़ दिया था। ये लोग मंगलवार रात कैंटर बेचने के लिए जा रहे थे। मुकेश ,अजय व मनीष कैंटर के आगे कार से चल रहे थे। पुलिस द्वारा कैंटर रुकवाते ही तीनों लोग मौके से भाग गए। पकड़े गए बदमाशों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। फरार तीन बदमाशों की तलाश की जा रही है।