फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में रैगिंग का मामला सामने आया है। जूनियर छात्रों की शिकायतों के बाद कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पांच छात्रों को एक माह के लिए महाविद्यालय परिसर, छात्रावास और कक्षाओं से निलंबित कर दिया।
विगत दिनों छात्रावास परिसर में सत्र–2025 के छात्रों के साथ रैगिंग, गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और कर्मचारियों को धमकी देने जैसी शिकायतें मिली थी। प्राचार्य ने एंटी रैगिंग समिति ने संबंधित छात्रों के बयान दर्ज किए। समिति ने सुरक्षा गार्डों और छात्रावास कर्मचारियों से भी लिखित बयान लिए। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि प्रयांशु जायसवाल, रितिक तिवारी, उज्ज्वल त्यागी, रितेश मित्तल और शिवा चौधरी इन घटनाओं में संलिप्त पाए गए। समिति की रिपोर्ट के मुताबिक, इनका व्यवहार कॉलेज की नियमावली के विपरीत है। 27 नवंबर से अगले एक माह तक इन छात्रों का कॉलेज में प्रवेश वर्जित रहेगा। हालांकि, उन्हें इस अवधि की होने वाली परीक्षाओं में बैठने की अनुमति दी गई है, लेकिन परीक्षा के समय भी छात्रावास क्षेत्र में जाना प्रतिबंधित रहेगा।
उधर, कॉलेज प्रशासन ने सभी आरोपी छात्रों के अभिभावकों को 2 दिसंबर को दोपहर 12 बजे एंटी रैगिंग समिति के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है। प्राचार्य डा. योगेश गोयल का कहना है कि किसी भी स्तर पर रैगिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।