जखैया मेले में उमड़े भक्त। संवाद
- फोटो : जखैया मेले में उमड़े भक्त। संवाद
एका। प्रसिद्ध जखैया मेले में माघ माह के चौथे शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शनार्थियों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शनिवार रात से शुरू हुई भीड़ रविवार देर शाम तक बनी रही। भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि एका से लेकर मुस्तफाबाद तक लंबा जाम लग गया। मंदिर के सामने का स्थान पूरी तरह भर गया, वहीं निर्धारित पार्किंग स्थल भी वाहनों से अट गए। फरीदा से रामपुर मार्ग और फरीदा मोड़ से पाढ़म रोड पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें रहीं। रात करीब दो बजे के बाद मंदिर में दर्शन के लिए अचानक अत्यधिक दबाव बढ़ गया, जिससे पुलिसकर्मियों को स्थिति नियंत्रित करने में काफी परेशानी हुई।
हालात को काबू में करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कमान संभाली। भीड़ के कारण खोया-पाया केंद्र पर भी कई बच्चे, महिलाएं और पुरुष अपने परिजनों को ढूंढते रहे। थाना प्रभारी संजुल पांडेय ने यातायात सुचारु रखने के लिए छोटे लिंक मार्गों से वाहनों को निकालकर गंतव्य की ओर रवाना किया। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से देर रात तक व्यवस्था को नियंत्रित किया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि लगभग 24 घंटे में दो लाख लोगों ने दर्शन किए।