शहर विधायक मनीष असीजा जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में आग में झुलसे बच्चों के संबंध में जानकारी
- फोटो : शहर विधायक मनीष असीजा जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में आग में झुलसे बच्चों के संबंध में जानकारी लेते हुए। संवाद
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला मालवीय नगर में शुक्रवार देर रात यहां रहने वाले धर्मेंद्र कुमार के घर में खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से उनके चार बच्चे झुलस गए। घटना के समय बच्चे घर में अकेले थे और माता-पिता अस्पताल में थे।
धर्मेंद्र की पत्नी का ऑपरेशन हुआ था, जिसके कारण वह अपनी पत्नी की देखभाल के लिए अस्पताल में मौजूद थे। घर पर उनके चार बच्चे अकेले थे। खाना बनाते समय अचानक सिलिंडर ने आग पकड़ ली।
इस हादसे में अनन्या (15 वर्ष), सूरज (12 वर्ष), काजल (11 वर्ष) और हिमांशु (7 वर्ष) बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए बच्चों को घर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही थाना दक्षिण इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाया। सदर विधायक मनीष असीजा भी मौके पर अस्पताल पहुंचे। 7 वर्षीय मासूम हिमांशु की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। विधायक ने आगरा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता से फोन पर वार्ता कर बच्चे के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराई। संवाद