फिरोजाबाद। जिला अस्पताल के सामने एसपी सिटी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर हाईवे पर खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर महिला का बैग पार कर ले गए। बैग में सोने के आभूषण और पांच हजार रुपये की नकदी थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और चोरों की तलाश की लेेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला हरिया ( कुंदन की ठार) निवासी अजीत सिंह की पत्नी अंजली अपने दो वर्षीय बेटे मनी की दवा दिलाने के लिए भाई अभी निवासी दिहुली थाना करहल मैनपुरी के साथ कार से आई थी। बेटे की दवा लेने के लिए अंजली भाई के साथ चिकित्सक की क्लीनिक पर गई और कार को हाईवे पर खड़ाकर गई।
अंजली ने अपना बैग भी कार के अंदर छोड़ दिया। तभी चोरों ने कार का शीश तोड़कर बैग पार कर दिया। चिकित्सक की क्लीनिक से लौटने पर अंजली और उसके भाई को जानकारी हुई तो उन्होंने शोरगुल किया। इस पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अंजली ने बताया कि बैग में चार सोने की चूड़ी, छह अंगूठी, सोने की चेन और पांच हजार रुपये के साथ अन्य सामान था। कार्यवाहक थानाध्यक्ष आनंद कुमार का कहना है कि घटना संज्ञान में आई है। पीड़ित से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।