टूंडला। घर से ट्यूशन पढ़ने गया एक छात्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। छात्र की साइकिल व बोयलट हाइवे किनारे पड़ा मिला है। इससे परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए गुमशुदगी दर्ज करायी है।
थाना नारखी के गांव मींठना निवासी जगपाल सिंह का 17 वर्षीय पुत्र दीपक अपनी बूआ शकुंतला देवी निवासी मदावली, टूंडला के यहां रहते हुए पढ़ रहा है। फीरोजाबाद हाइवे स्थित किड्स कॉर्नर हैप्पी पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 का छात्र दीपक प्रतिदिन की भांति सोमवार प्रात: 5.15 बजे टूंडला ट्यूशन पढ़ने के लिए निकला था। ट्यूशन पढ़ने के बाद वह न तो स्कूल और न घर पहुंचा। तब परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजनों ने उसे उसके दोस्तों, पैतृक गांव व अन्य रिश्तेदारियों सहित हर संभव स्थान पर खोजा, किंतु उसका कहीं पता न चला। सुबह परिजन उसकी तलाश में निकले तो उन्हें टोल प्लाजा के निकट उसकी साइकिल व पर्स हाइवे किनारे खड्ड में पड़ा मिला। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए लापता छात्र की गुमशुदगी दर्ज कर ली।
परिजनों की डांट पर घर से चला गया छात्र
छात्र दीपक के अपहरण की कोई गुंजाइश नहीं है। एक लड़की से प्रेम संबंध हैं। उस लड़की से छात्र को मोबाइल पर बात करते हुए परिजनों ने देख लिया था तथा उसे डांटते हुए उससे मोबाइल छीन लिया था। इसके बाद वह घर से गायब हो गया है। लापता छात्र की गुमशुदगी दर्ज करते हुए उसकी तलाश की जा रही है।
केहर सिंह राना पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला।