फिरोजाबाद। नवरात्र महोत्सव के पहले दिन सुहागनगरी सुबह से मातारानी के जयकारों से गूंजती रही। मां आदिशक्ति के प्रथम रूप शैलपुत्री के दर्शनों को मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा।
मां कैलादेवी, मां वैष्णोदेवी धाम सहित प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों भीड़ उमड़ी।
घरों में घट स्थापना की गई। रामलीला मैदान स्थित श्री राज राजेश्वरी मां कैलादेवी मंदिर पर मंगला दर्शन के लिए सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
हर कोई मातारानी के पहले दर्शनों को उत्सुक दिखा। जैसे ही मातारानी के पट खुले, तभी श्रद्धालुओं ने सच्चे दरबार की जय, मां कैलादेवी के जयकारों से पूरा मंदिर प्रांगण गूंज उठा।
छह बजे से मां के दर्शनों को श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा। श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली, दीपक व प्रसाद लेकर मातारानी के दर्शनों को पहुंचे।
पहले ही दिन हजारों श्रद्धालु मातारानी के दर्शन को पहुंचे। शहरी क्षेत्र के साथ दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में नजर आई।
मातारानी के दर्शनों के बाद महिला, बच्चों, युवाओं ने चाट पकौड़ी का आनंद लिया। मां राज राजेश्वरी कैलादेवी मंदिर के बाहर सजे कदम बाजार में चुनरी, प्रसाद, नारियल व दीपक खरीदने के लिए दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई।
उसायनी स्थित मां वैष्णोदेवी धाम पर सुबह चार बजे मंगला दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कतार रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए महिला-पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए जिससे श्रद्धालुओं को मां के दर्शनों में परेशानी न हो।
कमेटी पदाधिकारी भी व्यवस्थाओं पर सहयोग करते दिखे। मंदिर प्रांगण में विधि विधान से हवन यज्ञ व पूजा अर्चना की गई।
कोटला रोड स्थित बड़ी पथवारी माता मंदिर, नगला करन सिंह स्थित दुर्गा माता मंदिर, जलेसर रोड स्थित काली मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, पथवारी माता मंदिर, चंद्रवार गेट, पेमेश्वर गेट, कोटला मोहल्ला, जोशियान, लेबर कालोनी, मां के मंदिरों में पूजा अर्चना को श्रद्धालुओं की भीड़ रही।