फिरोजाबाद। सुहागनगरी की जनता के लिए जलनिगम द्वारा बनाए जा रहे सीवर कनेक्टिंग चेंबर गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं। शहर के कई मोहल्लों में सीवर उफन रहे हैं। सीवर लाइनों के जरिए घरों तक कीचड़ युक्त पानी पहुंच रहा है। दुर्गंध युक्त पानी आने से लोगों को पानी की तलाश में भटकना पड़ता है। सुधार नहीं किया गया तो गर्मी के मौसम में बीमारियों का कारण पानी बनेगा।
गर्मी के मौसम की शुरूआत से पूर्व ही शहर में दूषित पानी की समस्या बढ़ने लगी है। शहर में क्षतिग्रस्त लाइनों के साथ सीवर कनेक्टिंग चेंबरों के जरिए घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है। रेलवे लाइनपार आजाद नगर में गलियों में बने सीवर चेंबर जगह-जगह उफन रहे हैं।
चेंबरों की सफाई न होने के कारण सीवर का दूषित पानी क्षतिग्रस्त पेयजल की लाइनों के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों की मानें को सीवर की सिल्ट लाइनों के जरिए घरों तक पहुंचती है। इस तरह का हाल केवल आजाद नगर का नहीं बल्कि ऐसी समस्या से मथुरा नगर गली नंबर दो, तीन, चार व दस में बनी हैं। इसके साथ नूर नगर, सैलई, नगला पचिया, रामगढ़ क्षेत्र में पानी की लाइन से दूषित पानी घरों में पहुंच रहा है।
-अनिल कुमार का कहना है पेयजल के पाइप के जरिए नाले की सिल्ट घरों में आ रही है। इसकी सफाई करने में घंटों लगते हैं। सीवर के कारण घर की लाइन चौक हो गई है।
-जगदीश का कहना है कि सीवर चेंबर बनने के कारण छह महीने से गंदा पानी आ रहा है। पूरी गली खुदी पड़ी है, जिससे घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
-हेमंत का कहना है कि सीवर का गंदा पानी आने के संबंध में नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की, परंतु आजतक कोई कर्मचारी देखने नहीं आया।
-पप्पू का कहना है कि सीवर लाइन में सुधार की जरूरत है। यदि सुधार नहीं किया तो गर्मी के दिनों में यही पानी बीमारी का कारण बनेगा।