फिरोजाबाद। जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षा मित्रों को शासन ने पहले तैनाती स्थल पर वापसी का शासनादेश जारी कर दिया है। इस क्रम में पहले चरण में शिक्षा मित्रों को उनके मूल विद्यालय में तबादले-समायोजन की अनुमति दे दी गई। शासन के इस निर्देश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग जल्द इसकी प्रक्रिया शुरू करने में जुट गया है। इससे करीब 1800 से अधिक शिक्षामित्रों को लाभ मिलेगा। इसके बाद शिक्षा मित्रों को मूल विद्यालय वापसी यानी अपनी ग्राम सभा में जाने का मौका मिलेगा।
परिषदीय विद्यालयों में वर्ष 2001 से करीब 2008 तक शिक्षा मित्रों की तैनाती की गई थी। इसमें अधिकतर शिक्षा मित्रों की पहली तैनाती उनके गांव में ही की गई थी। इसके पहले समायोजन में उनको जिले में दूसरे ब्लॉकों में 50 से 100 किलोमीटर दूर भेज दिया गया था। शिक्षा मित्र संघ के अध्यक्ष श्रीओम ने कहा कि यह फैसला अच्छा है। अधिक दूरी पर आवागमन में असुविधा होने से बचा जा सकेगा। इसके अलावा महिला शिक्षा मित्रों को अपनी ससुराल के जिले में भी तैनाती का मौका दिया जाए।