फिरोजाबाद। जिले के सभी मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में पुलिस व प्रशासन की टीमें जुटी हैं। गुरुवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिले में अभी तक 144 बूथों पर बिजली की व्यवस्था नहीं है तो 127 बूथों पर रैंप बनना बाकी है।
डीएम ने जिन विभागों की प्रगति धीमी दिखाई दी उन विभागों को प्राथमिकता से काम कराने के आदेश दिए हैं। अभी 144 बूथों पर बिजली की व्यवस्था नहीं हो पाई है। 127 बूथों पर रैंप बनने हैं तो 22 बूथों पर शौचालय तक की सुविधा अभी पूर्ण नहीं हो सकी है। 599 बूथ ऐसे हैं जहां टेलीफोन की सुविधा तक नहीं है।
जबकि 153 बूथ ऐसे हैं जहां प्रशासन को मतदान की तिथि आने तक फर्नीचर का इंतजाम करना होगा। जिले के 57 बूथ अभी ऐसे हैं जहां पेयजल का इंतजाम करना होगा।
मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र ही पूर्ण किया जाएगा। कुछ केंद्रों पर खामियां है वहां पर टीमें काम कर रही हैं। पेयजल, बिजली, शौचालय के साथ अन्य सुविधाएं शीघ्र ही पूरी होंगी।
छोटेलाल मिश्रा, एडीएम फिरोजाबाद।