फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव की दस्तक और आचार संहिता लागू होने से पहले पूरे जिले में शिलान्यास हो रहे हैं। कहीं शिलान्यास पट्टिकाओं का अनावरण किया जा रहा है तो कहीं भूमि पूजन हो रहा है। लखनऊ से सीएम उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं तो यहां स्थानीय जनप्रतिनिधि शिलान्यास के रास्ते विकास की हवा बनाने की कोशिश में जुटे हैं। शुक्रवार को भी नगर निगम ने 14 करोड़ के प्रस्ताव तैयार कर मंडलायुक्त को स्वीकृति के लिए भेजे हैं।
नगर निगम सीमा के अंतर्गत जेड़ाझाल परियोजना के तहत अंडरग्राउंड पाइप लाइन डालने का कार्य कराया जा रहा है, जिससे गली-मोहल्लों में सड़कें खुदी पड़ी हैं। जलनिगम तृतीय डिवीजन ने शहर में सीवर कनेक्टिंग चैंबरों का निर्माण कराया है, जिससे गली-मोहल्लों की स्थिति खराब है। हर रोज नगर निगम में शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं। नगर निगम ने 14वें आयोग से करीब 14 करोड़ के प्रस्ताव तैयार कर मंडलायुक्त को स्वीकृत के लिए भेजे गए।
मंडलायुक्त से हरी झंडी मिलने के बाद नगर निगम शहर में तेजी से विकास कार्य कराने प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम ने 14 करोड़ के बजट से शहर में सैलई, नगला मिर्जा, बौद्ध बिहार, आजाद नगर, करबला, टापाकलां, बोधाश्रम, संतोष नगर, इंद्रा नगर, मथुरा नगर, पुराना रसूलपुर, ओमनगर, इंद्रपुरी, लालपुर, आसफाबाद, द्वारिकापुरी, नगला मोती, तिलक नगर, हिमायूंपुर, नीबू वाला बाग सहित कई स्थानों पर सीसी सड़क, इंटरलॉकिंग फुटपाथ, नाली, खड़ंजा का निर्माण कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता विकास कुरील ने बताया कि 14वें वित्त से शहर में सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी के लिए राठौर नगर, झील की पुलिया, मंडी परिषद कोटला रोड पर नालों का निर्माण कराया जाएगा।
डेढ़ करोड़ से रामनगर की गलियों में होगा सीसी निर्माण
फिरोजाबाद। सदर विधायक मनीष असीजा ने शुक्रवार को रामनगर क्षेत्र में आंतरिक सड़क और लिंक गलियों का सीसी सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन और हवन यज्ञ कराया। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत सदर विधायक ने एक करोड़ 50 लाख के बजट से रामनगर क्षेत्र में विकास कार्य का शुभारंभ कराया। डेढ़ करोड़ के बजट से रामनगर क्षेत्र में 27 लिंक गलियों में सीससी निर्माण कार्य कराया जाएगा। मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष सुनील शर्मा, रामदेव सविता, पूर्व सभासद भगवान सिंह, पार्षद विद्याराम शंखवार, देवेंद्र कुशवाहा मौजूद रहे।
कच्ची गलियां निर्माण को महापौर ने किया शिलान्यास
फिरोजाबाद। महापौर नूतन राठौर ने वार्ड नंबर 34 में बंबा बाईपास, ठारपूठा रोड वार्ड 27 में पेमेश्वर गेट के अंतर्गत पुलिया और कच्ची गलियों निर्माण के लिए नारियल फोड़ कर शिलान्यास किया। महापौर ने कहा कि वार्ड 34 में 84 लाख 74 हजार से बंबा बाईपास से सतीश की दुकान तक, ठारपूठा रोड का 76 लाख 86 हजार से सीसी सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। वार्ड 27 में सात लाख 88 हजार से पेमेश्वर गेट पर पुलिया निर्माण, मालवीय नगर में कच्ची गलियों, नाली व सीसी सड़क का निर्माण कार्य होगा। इस दौरान डा. रमाशंकर सिंह, रमाकांत उपाध्याय, उपसभापति योगेश शंखवार, पार्षद सतेंद, मनोज ताऊ आदि मौजूद थे।