गुरुवार तड़के तेज बारिश के दौरान गिरी बिजली ने उत्तरप्रदेश के बहराइच में भाई-बहन समेत नौ और श्रावस्ती में छह लोगों की जान ले ली।
बिजली गिरने से 19 लोग झुलसे हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से चार की हालत गंभीर है।
तराई में अचानक बदले मौसम ने गुरुवार तड़के तेज बारिश हुई। सुबह छह से दस बजे के बीच कैसरगंज, पयागपुर, विशेश्वरगंज व बौंडी में आसमान से काल बनकर बिजली गिरी।
विशेश्वरगंज के पुरैना बाजार निवासी धनीराम (28) सुबह छह बजे लोनियाबाग के पास मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान धनीराम की बहन कौड़ी उर्फ गुड्डी (10) भी हमजोली अमित (10), प्रदीप (10), बलराम (12) के साथ बाग में आम बीनने पहुंच गई।
पौने सात बजे के आसपास तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। चपेट में आने से धनीराम और चारों बच्चे झुलस गए। ग्रामीणों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया।
धनीराम और गुड्डी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसी थाना क्षेत्र के खरिहा दपौली गांव निवासी राजकुमार (18) मवेशियों को चारा डालते समय बिजली की चपेट में आकर झुलस गया।
कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पचंभा निवासी मतीन (18), अकील (21) कुछ अन्य मजदूरों के साथ खेत में पिपरमिंट की फसल की निराई करने गया था। इसी दौरान बिजली गिरने से मतीन व अकील की मौके पर ही मौत हो गई।
बौंडी थाना क्षेत्र के केला गांव निवासी धर्मेंद्र (15), बाग में आम बीनते वक्त बिजली की चपेट में आकर झुलस गया व अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
इसी गांव की निवासी खुशबू सिंह (18) भी बिजली से झुलसी है। दरगाह क्षेत्र में बिजली गिरने से 20 वर्षीय एक युवक की मौत हुई है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
उधर, रामगांव थाना क्षेत्र के मलावा भकुरहा गांव निवासी ओमप्रकाश (34) व रामकृष्ण (42) निवासी परमेश्वरपुरवा की भी बिजली की चपेट में आकर जान चली गई। यह दोनों खेत में काम कर रहे थे।
पयागपुर थाना क्षेत्र के कुशभौना के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश तिवारी (68) सुबह नौ बजे घर के बरामदे में खड़े थे। वे अचानक गिरी बिजली की चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उधर, श्रावस्ती के इकौना थाना अंतर्गत बसनेरा गांव में कुछ लोग मंदिर पर कथा सुन रहे थे। इसी दौरान बिजली गिरने से कथा स्थल पर मौजूद सरोज तिवारी (50), वेद प्रकाश तिवारी (53), फूला देवी (55), कन्हई लाल (60), पुष्पा (58) व रूबी (6) गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था तभी पुष्पा व रूबी ने दम तोड़ दिया। इसी थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव के पास बाग में आम बीनते समय बिजली की चपेट में आने से जावेद (7), उस्मान (32), फरीदा (10) झुलस गए। महादेवा जगदीश निवासी नारायण मिश्रा (18) बाग में बिजली गिरने से झुलस गया।
झुलसे लोगों को जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान उस्मान व फरीदा की मौत हो गई।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम गौसपुर निवासी राजितराम अपने दो बच्चों मनोज, छत्रपाल व गांव के ही कमला प्रसाद के साथ खेत में भिंडी तोड़ रहा था।
राजितराम की दो बकरी भी खेत में बंधी हुई थी। बिजली गिरने से राजितराम (35) व कमला प्रसाद (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज (12) व छत्रपाल (8) गंभीर रूप से झुलसे हैं।
बिजली की चपेट में आने से दोनों बकरियां भी मर गईं। जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती छत्रपाल, मनोज, अमित व प्रदीप की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवारीजनों को सौंप दिया गया है। सात अन्य लोग भी झुलसे हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
मिलेगा डेढ़-डेढ़ लाख मुआवजा
बहराइच और श्रावस्ती के सभी क्षेत्रों के उप जिलाधिकारियों ने बिजली से हुई मौतों के मामले में आश्रितों को डेढ़-डेढ़ लाख मुआवजा देने की बात कही है।
एसडीएम कैसरगंज हरीराम सिंह, महसी बीके सिंह, सदर नवनीत चहल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुआवजा प्रदान करने की कार्रवाई की जाएगी।