डिडौली में दिन निकलते ही ऑनर किलिंग की रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बेटी को प्रेमी की बांहों में देख गुस्साए परिजनों ने उसे मौत के घाट उतारकर खामोशी से लाश दफना दी।
दूसरी तरफ प्रेमी व उसके परिवार की गुमशुदगी भी किसी बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रही है। तहकीकात में जुटे पुलिस अफसर देर रात तक गांव में डेरा डाले हुए थे। दोनों परिवारों की खोजबीन के साथ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।
यह सनसनीखेज वारदात डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ककराली की है। यहां के पूर्व प्रधान दबीर हसन की बेटी का गांव के ही शाकिर पुत्र जिले हसन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी युगल को मिलते-जुलते पकड़े जाने पर परिजनों ने बेटी के घर से निकलने पर पाबंदी लगा रखी थी।
बुधवार की रात पूर्व प्रधान ने घर में प्रेमी के साथ बेटी को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। बताते है कि प्रेमी जोड़े को रातभर सजा दी गई। तड़के बेटी को मौत के घाट उतारकर गुपचुप लाश दफनाने के बाद पूर्व प्रधान परिवार के साथ गांव से फरार हो गया। सुबह करीब नौ बजे दोनों घरों में ताले व कब्रिस्तान में रातोंरात नई कब्र देख ग्रामीण सन्न रह गए।
ऑनर किलिंग की चर्चा पर एएसपी शकील अहमद व सीओ सिटी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ कर कब्रिस्तान का भी मुआयना किया। प्रेमी व उसके परिवार की गुमशुदगी से बेचैन पुलिस खोजबीन में जुटी है। कब्र से लाश निकालने व मुकदमे को लेकर देर रात तक कशमकश की स्थिति बनी हुई थी।
"सूचना मिलने पर एएसपी को मौके पर भेजा गया है। हर स्थिति को वाच कर रहे हैं। जानकारी मिली है कि मौत संदिग्ध है, लिहाजा शव का निश्चित कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया जाएगा। डिडौली कोतवाली प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दे दिए हैं।"
- सुभाष सिंह बघेल. पुलिस अधीक्षक