फतेहपुर। हसवा विकास खंड के नरैनी कस्बे में खाद की ओवररेटिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक किसान ने निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने का आरोप लगाया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
किसानों का आरोप है कि निजी दुकानों पर यूरिया की एक बोरी 255 रुपये की निर्धारित कीमत के बजाय 500 रुपये तक में बेची जा रही है। वहीं, सहकारी समितियों पर 1,350 रुपये में मिलने वाली डीएपी खाद निजी दुकानों पर 1,700 से 1,800 रुपये प्रति बोरी तक बेची जा रही है। खाद खरीदने वाले किसान काशीपुर निवासी राजेंद्र निषाद, धनंजय सिंह, धोनी सिंह, लवलेश सिंह और टीटू दीक्षित ने बताया कि दुकानदार मनमाने दामों पर खाद दे रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में ओवररेटिंग की शिकायतों पर पहले कई दुकानों को सीज किया गया था। इसके बावजूद कुछ निजी दुकानदार फिर से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सही मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।