फतेहपुर। ननिहाल में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से आए वाहन ने साइड से टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों को पीएचसी तिंदवारी बांदा पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। घायल मां का इलाज चल रहा है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव निवासी संगीता (50) सोमवार सुबह बेटे अमित सिंह सेंगर (25) के साथ बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र के बिछवाही गांव स्थित मायके में शिवसेवक सिंह के यहां श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। बांदा-टांडा हाईवे पर छापर गांव के पास पीछे से आए वाहन ने बाइक में साइड से टक्कर मार दी।
पुलिस ने दोनों को पीएचसी तिंदवारी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने अमित को मृत घोषित कर दिया। संगीता को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। तिंदवारी थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
गोवंश से टकराई बाइक, दो घायल
खागा। दामपुर मार्ग पर टिकरिया मोड़ के पास सोमवार शाम सड़क पर आए गोवंश से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अभिराज और योगेंद्र कुमार निवासी इस्कुरी घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी खागा लाया गया। यहां से अभिराज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं योगेंद्र का उपचार सीएचसी में किया गया।