फतेहपुर। सस्ते ब्याज पर ऋण दिलाने का झांसा देकर बैंक खाते की जानकारी जुटाने और मैजिक पेन से चेक में हेराफेरी कर रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो गुर्गों को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उनके पास से तीन स्मार्टफोन, दो हस्ताक्षरित बैंक चेक और कूटरचित आधार कार्ड बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि प्रिंटिंग प्रेस संचालक धीरेंद्र सिंह को आरोपियों ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर कम ब्याज पर ऋण दिलाने का झांसा दिया था। आरोपियों ने उनके बैंक खाते का स्टेटमेंट लेकर जमा रकम की जानकारी जुटाई। इसके बाद दुकान का सर्वे करने पहुंचे और ऋण की प्रक्रिया के नाम पर हस्ताक्षरित चेक ले लिए।
चेक पर मैजिक पेन से कैंसिल लिखकर उन्हें भरोसे में लिया। बाद में लिखावट मिटाकर उसी चेक पर 1.49 लाख रुपये की रकम भर दी और बैंक से नकदी निकाल ली। साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने रविवार को बलिया निवासी पीयूष शुक्ला को प्रयागराज के जार्जटाउन और प्रतापगढ़ निवासी अमर सिंह मौर्य को कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, शिमला और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में व्यवसायियों को निशाना बनाने की बात स्वीकार की। दोनों के खिलाफ फतेहपुर के अलावा अन्य जिलों में भी प्राथमिकी दर्ज है।