खागा। कोरोना संक्रमण की भयानक तस्वीर देखने के बाद भी लापरवाही जारी है। अकेले सीएचसी हरदो क्षेत्र में करीब 40 हजार लोग ऐसे सामने आए हैं, जिन्होंने अब तक वैक्सीन की दूसरी डोज ही नहीं ली।
हरदो सीएचसी के चिकित्साधीक्षक यूपी कुशवाहा ने बताया कि सीएचसी के साथ ही क्षेत्र में जगह-जगह कैंप लगाकर टीके लगाए जा रहे हैं। क्षेत्र में ऐसे करीब 40 हजार लोग हैं, जिन्होंने निश्चित तारीख पर कोरोना की दूसरी डोज नहीं ली है। ऐसे में उनका टीकाकरण पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने अपील की कि जिन लोगों ने पहली डोज ले ली है, वह निश्चित तारीख पर दूसरी डोज जरूर लें। कोवीशील्ड की दूसरी डोज अब तीन महीने के बाद लगती है। जबकि को-वैक्सीन की दूसरी डोज एक महीने के बाद लगती है। दोनों डोज लेना हर किसी के लिए जरूरी है। इसमें लापरवाही बिल्कुल न बरतें।
वैक्सीनेशन न होने पर किया हंगामा
बहुआ पीएचसी बहुआ में टीका लगने में देरी होने से लोगों ने हंगामा किया। कहा कि कई दिन से टीका लगवाने पीएचसी आ रहे हैं, जब नंबर आता है तो वैक्सीन खत्म हो जाती है। इसलिए लौटना पड़ रहा है।
बहुआ कस्बा निवासी बादल खान, रामू गंगाईपार, सोनू, राजकुमार, अशोक, शिवकुमार, ननकू ने बताया कि पीएचसी में टीका लगवाने के लिए सुबह से लाइन में लग जाते हैं, नंबर आने से पहले ही वैक्सीन खत्म हो जाती है। बिना टीका लगवाए तीन दिन से लौट रहे हैं। चिकित्सक डॉ. विमलेश कुमार ने बताया कि हंगामा नहीं हुआ है। भीड़ होने से अव्यवस्था हुई है। मंगलवार को पीएचसी में 352 लोगों को टीका लगाया गया है।