उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी की टीम के साथ मारपीट कर कानपुर के तीन व्यापारियों ने सुपारी लदा हुआ ट्रक लूट लिया। अचानक हुए हमले से सभी घबरा गए। इस दौरान वस्तु एवं सेवा कर कानपुर के सचल दल से मारपीट भी की गई।
इस मामले में कानपुर के तीन व्यापारी व तीन सहयोगी सहित छह लोगों के खिलाफ कल्यानपुर थाने में डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को कानपुर रवाना किया गया है।
वाणिज्य कर विभाग कानपुर में तैनात असिस्टेंट कमिश्नर प्रदीप सिंह भुवनेश्वर को सूचना मिली थी कि नागपुर से एक ट्रक सुपारी लेकर कानपुर आ रहा है। बीती रात टीम ट्रक पकड़ने के लिए कानपुर घाटमपुर मार्ग में खड़ी हो गई।
अफसर का लोकेशन लीक होने पर चालक ट्रक लेकर कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक ढाबा में लाकर खड़ा कर दिया। पुलिस के मुताबिक अफसर वाहन का पीछा करते हुए ढाबा पहुंचे और ट्रक को पकड़ लिया। चालक द्वारा कागजात नहीं दिखाने पर वाहन को कब्जे में ले लिया।