फतेहपुर। लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस खुद किस कदर बेपरवाह है, इसका पता शनिवार को एसपी के चेकिंग अभियान में चला। इस दौरान नियमों के उल्लंघन में यातायात प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह करीब साढ़े 10 बजे चौकी आबूनगर पहुंचे। उन्होंने शहर कोतवाल, यातायात प्रभारी, सभी चौकी इंचार्ज और कोबरा टीमों को मौके पर पहुंचने के आदेश दिए गए। सभी पुलिसकर्मी आबूनगर चौकी पहुंच गए। एसपी ने यातायात नियमों का पालन न करने वाले पुलिसकर्मियों का चालन कराया।
यातायात प्रभारी त्रिवेणी पांडेय और उनके चालक सरकारी वाहन से पहुंचे। दोनों सीट बेल्ट नहीं लगाए थे। कोतवाली के उपनिरीक्षक प्रह्लाद यादव, चौकी इंचार्ज मुराइन टोला संदीप तिवारी, चौकी इंचार्ज बाकरगंज अनिरुद्ध द्विवेदी, चौकी इंचार्ज सदर अस्पताल अवधेश सिंह ,कोबरा -2 , कोबरा -3, कोबरा-4 का हेलमेट न लगाने पर चालान किया गया।
चेकिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सत्येंद्र सिंह वाहन में सीट बेल्ट लगाए पाए गए। चौकी इंचार्ज जेल रोड, चौकी इंचार्ज हरिहरगंज, कोबरा-1 हेलमेट लगाए पाए गए। एसपी राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया पुलिस लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए कहती है, लेकिन कई बार वह खुद भी नियमों का उल्लंघन करते दिखाई देते हैं। सभी पुलिसकर्मियों को यातायात नियमों के पालन के आदेश दिए गए हैं। नियमों का पालन न करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए।