जाफरगंज। परचून की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के मकान में शुक्रवार रात चोरी हो गई। घटना के समय दुकान मालिक व उसकी पत्नी बरामदे में सो रहे थे। सुबह जब वह घर के अंदर पहुंचे तो अलमारी व बक्सा टूटा मिला। जांच के बाद पता चला कि नगदी व जेवरात चोरी हो चुके हैं।
जाफरगंज थानाक्षेत्र के भोले पुरवा (मांझेपुर बाजार) निवासी महेश साहू ने घर में परचून की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार रात वह अपनी पत्नी दीपिका के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। जबकि घर के अंदर उनकी एक महिला रिश्तेदार सो रही थी। शनिवार सुबह जब महेश व दीपिका अंदर गए तो देखा कि अलमारी खुली पड़ी है और बक्से का ताला भी टूटा हुआ है। यह देख उन्होंने शोर मचाया तो लोग जमा हो गए। महेश साहू ने पुलिस को खबर दी तो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और जांच की। महेश के मुताबिक चोरों ने अलमारी में रखे 70 हजार रुपये व सोने के जेवरात और बक्से में रखे चांदी के जेवर चोरी किए हैं। इनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये है। इंस्पेक्टर जाफरगंज अमित मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।