फोटो-05-थाने में हत्यारोपी शनी। स्रोत पुलिस
अमौली। चांदपुर थाना क्षेत्र के सरहन बुजुर्ग गांव में बीज विक्रेता अमित उर्फ ललित की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सनी को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर करने से पहले ही रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है। आरोपी सनी बकेवर का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि वह 27 सितंबर की रात झलिया गांव से भंडारे से लौट रहे अमित की हत्या में शामिल था।
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को अमौली कोरिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सनी ने खुलासा किया कि उसने अपने मौसेरे भाई शानू और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद वह शिवा के नलकूप पर गया, जहां शानू और शिवा के साथ खाना खाकर वहीं सो गया था, जबकि बाकी साथी हनी और खागल घर लौट गए थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद सनी को जेल भेज दिया है।