ललौली थानाक्षेत्र से साथियों संग चित्रकूट धाम स्नान को गए शुभम शिवहरे की रविवार रात डूबने से मौत हो गई। साथियों की खबर पर रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। वे शव को लेकर सोमवार सुबह घर पहुंचे। परिजनों में घटना से कोहराम मचा है।
ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बा गांधीनगर मोहल्ला निवासी शुभम शिवहरे (21) पुत्र ओमबाबू शिवहरे की रविवार रात डूबने से मौत हो गई। शुभम ने इस साल बीए की परीक्षा पास की थी। उसके पिता लकवा पीड़ित है। परिवार का भरण पोषण शुभम खुद फुटवियर की दुकान संभाल कर करता था।
परिजनों ने बताया रविवार की शाम गांव के ही शुभम तिवारी, रितेश चंदेल, राहुल तिवारी के साथ चित्रकूट स्नान करने गया था। सारे लोग रात को आरोग्य धाम पहुंचे थे। जहां पर नहाते समय अचानक शुभम शिवहरे गहराई में चला गया। कुछ देर बाद शव पानी में उतराता दिखा। साथियों ने किसी तरह बाहर उसे निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर चित्रकूट में ही रहने वाली शुभम की नानी शकुंतला पहुंची। शव को लेकर सुबह घर लौटे। नानी ने हत्या की आशंका जताई और पुलिस को तहरीर दी। एसओ विपिन कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। फिर भी परिजनों को शक है जांच कराई जाएगी।