जाफरगंज (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में शनिवार शाम घर में घुसकर युवती को रंग लगाने के विवाद में दो पक्षों में पथराव और मारपीट हो गई। विवाद में चार साल की बच्ची समेत दोनों पक्षों के 15 लोग घायल हो गए और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने एक पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
मंसूरपुर गांव के रामखेलावन की पुत्री निशा अपने घर में शनिवार को केवली और सुमित्रा के साथ रंग खेल रही थी। आरोप है कि पड़ोसी सर्वेश साथी रामचंद्र, ज्ञान सिंह के साथ वहां पहुंच गया। तीनों युवतियों को रंग लगाने लगे। युवतियों ने मना किया तो गाली-गलौज शुरू कर दी। रामखेलावन ने भी विरोध किया। सर्वेश ने अपने घर की रूबी, उमा, गंगादेवी, गीता आदि के साथ पथराव शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष से भी पथराव हुआ। मारपीट भी हुई।
पुलिस के पहुंचने पर विवाद शांत हो सका।
निशा, उसकी बहन पूजा, मां केवली के अलावा सुमित्रा देवी पत्नी हरीश्चंद्र, रामसागर, अमरनाथ, दिलीप, शिवकुमार, गंगा सागर और उनकी चार वर्ष की बेटी निधि घायल हो गईं। दूसरे पक्ष से सर्वेश, रोली पत्नी प्रेमचंद्र, उमा पत्नी सर्वेेश, गंगा देवी, गीता और सुरेश घायल हो गए। निशा की तहरीर पर सर्वेश, रूबी, उमा, गंगादेवी, गीता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष की तहरीर नहीं आई है।