फतेहपुर। डीआईओएस ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालय 15 मई तक बंद कर दिए हैं। शनिवार को इससे संबंधित आदेश जारी किया गया। कोरोना के मद्देनजर ऑनलाइन पढ़ाई रोकते हुए शिक्षकों को घर में रहने के आदेश दिए हैं। इस दौरान सभी शिक्षक बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडेंगे।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में संक्रमण तेजी के साथ फैल रहा है। इसको देखते हुए शासन ने 15 मई तक जिले भर के सभी राजकीय, एडेड, वित्तविहीन माध्यमिक स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में जिले के 403 माध्यमिक विद्यालय में पठन-पाठन काम बंद करते हुए अवकाश घोषित किया जाता है। इस दौरान शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने घरों में रहेंगे।
सरकारी कार्य से स्कूल जाना पड़ सकता है। इस दौरान कोई भी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी मुख्यालय बिना उनकी अनुमति के नहीं छोड़ेगा। 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित है। ऐसे में साफ है कि अब स्कूलों में पहली जुलाई से ही से ही पठन पाठन कार्य हो सकता है।
फतेहपुर। पंद्रह मई तक स्कूल बंद होने से इस दौरान बोर्ड परीक्षा संभव नहीं है। 20 मई से पहली जुलाई से स्कूल खुल सकते हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बोर्ड परीक्षा कराना संभव नहीं है, क्योंकि अवकाश के दौरान परीक्षा ड्यूटी कराने पर शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश देना होगा। शासन ऐसा नहीं करेगा। ऐसे में साफ है कि अब बोर्ड परीक्षा जुलाई से पहले कराना संभव नहीं है।