फतेहपुर। लैब टेक्नीशियन के क्रेडिट कार्ड से साइबर अपराधियों ने सवा लाख की रकम पार कर दी। बैंक से क्रेडिट कार्ड की बकाया धनराशि जमा करने का फोन आने पर युवती को ठगी की जानकारी हुई। युवती ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णबिहारी नगर निवासी श्वेता श्रीवास्तव लैब टेक्नीशियन हैं। उनके मोबाइल पर 22 दिसंबर 2021 को एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताया। क्रेडिट कार्ड की सारी जानकारी हासिल की। उसके बाद क्रेडिट कार्ड से तीन बार में एक लाख 24 हजार रुपये की रकम पार कर दी। मोबाइल में मैसेज न आने से जानकारी नहीं हो सकी। एक माह बाद बैंक से फोन आने पर युवती को ठगी की जानकारी हुई। कोतवाल अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को दी गई है। जांच बाद कार्रवाई की जाएगी।
फोन पे खाता हैक कर आठ हजार पार किए
फतेहपुर। एक युवक के फोन पे खाते को हैक कर आठ हजार 520 रुपये की रकम निकाल ली गई। मैसेज आने पर युवक को जानकारी हुई। उसने मामले की कोतवाली में शिकायत की है। पुलिस ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भोलापुर निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसका खाता सुल्तानपुर जिले के पयागी एसबीआई बैंक शाखा में खुला हुआ है। उसी खाते पर फोन पे चलाता है। 20 जनवरी से 22 जनवरी 2022 के बीच में साइबर अपराधियों ने उसका फोन पे हैक कर कई बार मे आठ हजार 520 रुपये की रकम निकाल ली गई। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।