फतेहपुर। दुबई में सुरक्षा अधिकारी के पद पर नौकरी का झांसा देकर ऑनलाइन ठगों से युवक से 60 हजार 200 रुपये की ठग लिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग से इंटरव्यू लेकर ई-मेल पर ज्वाइनिंग लेटर भेजा गया। एनओसी, वीजा के नाम पर रुपये खाते में जमा कराने के बाद फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला साइबर सेल को जांच के लिए सौंपा है।
शहर के अलीगंज मोहल्ला निवासी सैयद इब्राहीम हुसैन ने बताया कि 27 अगस्त 2021 को नौकरी के सिलसिले का ईमेल आया था। दुबई की एक कंपनी में सुरक्षा अधिकारी के पद की नौकरी बताई। इंटरव्यू में 2500 रुपये फीस मांगी। उसने ऑनलाइन खाड़ी देश के खाते में रुपये भेज दिए थे।
28 अगस्त को मोबाइल पर कंपनी के मैनेजर राघव शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंस से इंटरव्यू लिया और चयन होने की बात कही। पांच हजार दिरहम तनख्वाह बताई और मेल पर नियुक्तिपत्र भेज दिया। कागजातों के सत्यापन के लिए 22 हजार 700 रुपये खर्च मांगा। ये धनराशि सैयद इब्राहीम ने कंपनी के खाते पर भेज दी। कंपनी ने एनओसी भेजने के बाद एक सितंबर को ईमेल पर एग्रीमेंट भेजा और वीजा खर्च 35 हजार मांगे। इस तरह 60 हजार 200 रुपये लेने के बाद राघव शर्मा ने फोन उठाना बंद कर दिया।
कुछ दिन बाद उस नंबर पर दूसरे मैनेजर विशाल शर्मा ने फोन उठाया। विशाल ने सीनियर अधिकारी कुनाल भाटिया से बात कराई। वह लोग नौकरी के नाम पर टरकाते रहे। अब गाली-गलौज कर नौकरी न देने की बात कही है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को भेजी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।