फतेहपुर। बीएससी छात्रा और तीन किशोरियों के अपहरण की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज की है। चारों मामले अलग-अलग हैं। पुलिस इनकी जांच कर रही है।
थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा आठ जून से लापता है। कॉलेज से अनुपस्थित होने की सूचना फोन पर आई। तभी पता चला कि बहिला का पुरवा के मजरे रामपुर का निवासी अमन उसका अपहरण कर ले गया है।
दूसरे मामले में सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने 16 वर्षीय पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। किशोरी कक्षा 10 की छात्रा है। वह 10 जून की सुबह कोचिंग करने राधानगर गई थी। रास्ते से पड़ोस का रिंकू पाल अपहरण कर ले गया। रिंकू के बड़े भाई कुलदीप ने धमकी दी है। रिंकू का पिता चौकीदार है। बताया कि अपहरण में रिंकू के अलावा कुलदीप और उसके पिता सुरिजपाल का हाथ है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ही एक मोहल्ले की 17 वर्षीय किशोरी 11 जून से लापता है। पिता ने मेरठ जिले के अतुल के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि अतुल घरों में गैस की पाइप लाइन डालने का काम करता है। बहाने से बेटी को घर से बुलाया और अपहरण कर ले गया है। घर में रखे जेवर भी ले गई है।
उधर, राधानगर चौकी क्षेत्र के एक मोहल्ले की 17 वर्षीय किशोरी नौ जून से लापता है। उसके पिता ने एफआईआर में बताया कि पड़ोसी अनूप लोधी के घर कोतवाली क्षेत्र के सैदाबाग निवासी दीपक लोधी का आना-जाना था। नौ जून की दोपहर दीपक, उसकी मां माया देवी और पिता ओमप्रकाश उसकी बेटी का अपहरण कर ले गए। घर से 25 हजार रुपये, तीन लाख के सोने-चांदी के जेवर भी गायब हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।