29 नवंबर को प्रकाशित खबर। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
खागा। सरकारी राशन की दुकानों में पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों से की जा रही एक यूनिट की कटौती और गोदाम से कोटेदारों को कम राशन देने के मामले में डीएम ने जांच समिति बनाई है। साथ ही गोदाम और राशन की दुकानों में छापेमारी व निरीक्षण के लिए नोडल, पर्यवेक्षण अधिकारी नामित किए हैं। वितरण और उठान के दिन टीमें सक्रिय होकर जांच करेंगी।
बता दें कि पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों का राशन हजम किए जाने को लेकर अमर उजाला ने 29 नवंबर को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। कोटेदारों द्वारा हर कार्ड पर एक यूनिट की कटौती की जाती है। इस तरह से एक महीने के अंदर तहसील क्षेत्र में करीब 14 हजार क्विंटल का राशन सिस्टम में बैठे लोग हजम कर जाते हैं। कोटेदारों का तर्क है कि उन्हें गोदाम से 50 किलो की बोरी की जगह 45 किलो मिलती है। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों को भी पैसा देना पड़ता हैं। इसलिए उनके सामने मजबूरी है।
खबर को लेकर डीएम अपूर्वा दुबे ने एक यूनिट की कटौती, घटतौली, मुफ्त के राशन पर पैसा लेने की शिकायतों पर रोकथाम के लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारी व नोडल अधिकारियों को नामित कर ड्यूटी लगाई है। एसडीएम प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि नामित सभी अधिकारियों को डीएम के निर्देश का अनुपालन करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐरायां ब्लाक में जिला कृषि अधिकारी लगाए गए हैं। हथगाम ब्लाक में बचत अधिकारी, धाता ब्लाक मेें सीवीओ, विजयीपुर में एसडीओ लघु सिंचाई, खागा नगर पंचायत में ईओ, हथगाम, किशनपुर नगर पंचायत में ईओ लगाए गए हैं।
खागा----------------तहसीलदार खागा
हथगाम-----------जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी
किशनपुर---------जिला पंचायत राज अधिकारी
धाता-----------जिला विद्यालय निरीक्षक
नोट-इनके साथ निरीक्षक विधिक बांट-माप भी रहेंगे।