फतेहपुर। पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बीच शुक्रवार को मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। पुलिस बल संवेदनशील स्थानों पर चप्पे-चप्पे में तैनात रहा। वर्ग विशेष बाहुल्य इलाकों में बाजार बंदी का असर नजर आया है। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई।
जुमे की नमाज को लेकर सुबह से ही अधिकारी सड़कों पर दिखाई दे रहे थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव, लालाबाजार, ज्वालागंज, बाकरगंज, मसवानी, पनी, पीलू तले समेत अन्य इलाकों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस, पीएसी की तैनाती रही।
डीएम अपूर्वा दुबे, एसपी राजेश सिंह, एसडीएम, सीओ क्षेत्र में मौजूद रहे। बाकरगंज चौकी क्षेत्र से सीओ डीसी मिश्रा और एसडीएम एनपी मौर्या पैदल गश्त पर दिखे। वहीं 74 निरीक्षक और उपनिरीक्षक समेत दो सौ पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी रही।
अधिक भीड़ इकट्ठा होने वाले मस्जिदों और घनी आबादी के मोहल्लों में ड्रोन कैमरे चलाए गए। लोगों को छतों से ईंट पत्थर हटाने के लिए एनाउंस किया गया। वर्ग विशेष बाहुल्य इलाकों में बंद दुकानें नमाज के बादं खुली। एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि नमाज सकुुशल संपन्न कराई गई है। खागा के खासमऊ में बच्चों के विवाद को लेकर अफवाह फैली तो अधिकारी तुरंत वहां पहुंचे।