फतेहपुर। दो साल बाद बिंदकी बस स्टैंड पत्थरकटा डिवाइडर सड़क का निर्माण शुरू हो पाया है। बिजली विभाग के पोल न हटाने से निर्माण बंद था। रविवार को नगर पालिका परिषद ने सड़क की सफाई कराकर डामरीकरण कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
नगर पालिका परिषद ने बिंदकी बस स्टैंड से पत्थरकटा चौराहे तक डिवाइडर सड़क का निर्माण दो साल पहले स्वीकृत किया था। डिवाइडर के दोनों तरफ पांच मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होना था। निर्माण के दायरे में बिजली के पोल लगे थे। इन्हें हटाने के लिए नगर पालिका परिषद ने स्टीमेट धनराशि बिजली विभाग को अदा कर दिया था, लेकिन बिजली विभाग पोल हटाने में हीलाहवाली कर रहा था। पिछले सप्ताह डीएम ने मामले को संज्ञान
में लिया और बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद बिजली विभाग ने पोल हटाया। रविवार को नगर पालिका परिषद ने डामरीकरण कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अवर अभियंता निर्माण अमित जायसवाल का कहना है कि सड़क निर्माण अवधि 31 दिसंबर है। इस अवधि के अंदर निर्माण पूरा करा लिया जाएगा।