जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। डेंगू को लेकर माहौल अभी भी संजीदा है। अब तक 52 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। बुधवार को डेंगू से एक मरीज की मौत भी हो गई। जबकि अलग-अलग स्थानों पर लगे स्वास्थ्य कैंप में 52 लोगों को बुखार होने की पुष्टि हुई है। जिलेभर में सात लोगों के लक्षण के आधार पर डेंगू के सैंपल लिए गए हैं और मलेरिया की 53 स्लाइडें बनाई गई हैं। सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह ने सभी स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं।
छिवलहा प्रतिनिधि के अनुसार, हथगाम ब्लाक के कनकपुर गांव निवासी विजय मिश्रा के पुत्र अभिषेक मिश्रा (27) की डेंगू के कारण मौत हो गई। उनका इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा था। परिजनों के अनुसार अभिषेक को 27 सितंबर को बुखार आया था। पहले प्राथमिक उपचार गांव में हुआ और इसके बाद परिजन लखनऊ पहुंचे। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान अभिषेक ने दम तोड़ दिया। अभिषेक गांव के पास कसरांव मोड़ पर किराना की दुकान चलाता था। वह तीन भाइयों में छोटा और अविवाहित था।
सीएमओ के निर्देश पर हथगाम ब्लाक के भैरमपुर, नवहैया, करमोन और भुसहरा, हरिहरपुर में डॉ. अमित चौरसिया ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जिसमें बुखार के 23 रोगी मिले। यहां डेंगू के लक्षण मिलने पर एक रोगी की स्लाइड बनाई गईं। ऐरायां ब्लाक के हसनपुर कसार में डॉ. राजीव ने 22 रोगी देखे। जिसमें 15 को बुखार की पुष्टि हुई। तीन रोगियों की स्लाइडें बनाकर जांच के लिए कानपुर मेडिकल कॉलेज भेजी गईं।
हसवा ब्लाक के घनघौल में डॉ. अनुपम पांच लोग बुखार पीड़ितों से मिले। देवमई ब्लाक के सादीपुर गांव में डॉ. मनीष शुक्ल ने बुखार के नौ रोगी देखे। यहां तीन रोगियों की डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिए गए। सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों का उपचार कराया जा रहा है।
हथगाम। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम में तैनात डॉ. अमित चौरसिया को दोबारा सीएचसी अधीक्षक पद पर तैनात दी गई है। उनके पिछले बेहतर कार्यकाल को देखते हुए डीएम अपूर्वा दुबे के निर्देश पर दोबारा उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। (संवाद)