फतेहपुर। महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह आयोजित हुआ। कक्षा 11 के छात्रों ने वरिष्ठ छात्रों का चंदन, रोली और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से कहा कि घर से बेहतर विद्यालय और माता-पिता से बढ़कर शिक्षक नहीं होते।
कक्षा 11 के छात्रों ने नाटक, पहेली और कविताओं के माध्यम से सीनियर्स के साथ बिताए पलों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। कक्षा 12 के छात्रों ने विद्यालय की कार्यसंस्कृति और शिक्षकों की शिक्षण शैली को साझा किया। छात्रा वंशिका त्रिपाठी और रिशिका ने विद्यालय के 12 वर्षों की स्मृतियों को साझा कर भावुक कर दिया। रिशिका ने कहा कि विद्यालय जीवन निर्माण की कार्यशाला है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि यह दिन विदाई का नहीं बल्कि शुभ संकल्प और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर है। विद्यार्थी और विद्यालय का रिश्ता आजीवन बना रहता है। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।