फोटो-01-शहर के पत्थरकटा चौराहे पर बना वाहन स्टैंड। संवाद
फतेहपुर। त्योहार के दौरान चौक बाजार में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बाजार आने वाले लोगों के वाहनों को खड़ा करने के लिए शहर के दो प्रमुख स्थानों पर स्टैंड तैयार किए गए हैं। हालांकि अभी दोनों स्टैंड शुरू नहीं हुए हैं। पुलिस और नगर पालिका प्रशासन इन्हें जल्द संचालित करने की तैयारी में जुटा है।
बृहस्पतिवार को सीओ यातायात बृजमोहन राय और नगर पालिका के ईओ रविंद्र कुमार ने पुलिस व पालिका टीम के साथ दोनों वाहन स्टैंडों का निरीक्षण किया। दीपावली तक चौक क्षेत्र में किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पत्थरकटा चौराहा और कोतवाली के पास सराय मोहल्ले में स्टैंड बनाए गए हैं। बाजार आने वाले लोग यहां वाहन खड़े कर पैदल चौक बाजार जा सकेंगे।
पटरी पर ई-रिक्शा और ऑटो खड़े करने अनुमित नहीं
शहर के पत्थरकटा चौराहा पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोकने की व्यवस्था की गई है। यहां पहुंचने वाले वाहन चौराहे के बगल में बने स्टैंड में खड़े कराए जाएंगे। खरीदारी के बाद लोग पैदल पहुंचकर अपने वाहन ले सकेंगे।
कोतवाली के समीप सराय मोहल्ले में बने स्टैंड में बाइक के साथ ई-रिक्शे और ऑटो भी खड़े कराए जाएंगे। चौक बाजार से खरीदारी करने के बाद लोग यहां से अपने वाहन ले सकेंगे। सड़क पटरी पर किसी भी रिक्शे या ऑटो को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
त्योहार पर चौक बाजार जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस बैरिकेडिंग लगाएगी। बैरिकेडिंग पत्थरकटा चौराहा, आर्यसमाज भवन, वर्मा चौराहा, बाकरगंज से वाहन लेकर प्रवेश वर्जित रहेगा।
- रविंद्र कुमार, ईओ नगर पालिका
फोटो-01-शहर के पत्थरकटा चौराहे पर बना वाहन स्टैंड। संवाद