खागा (फतेहपुर)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात आई आंधी-बारिश के चलते काही टिकरी और मझटेनी गांव में अलग-अलग हादसों में दो वृद्ध महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
काही टिकरी गांव निवासी निर्भय सिंह बुधवार रात अपनी पत्नी राजरानी (62) के साथ घर पर सो रहे थे। देर रात आंधी आने से छत पर पड़ा छप्पर दोनों के ऊपर गिर पड़ा। पास-पड़ोस के लोगों ने उन्हें मलबे से निकालकर गाजीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान राजरानी की मौत हो गई। निर्भय को मामूली चोटें आईं हैं।
इसी तरह बुधवार रात ही खागा कोतवाली के मझटेनी गांव की रहने वाली सहदेइया (72) पत्नी शिवलाल पासवान कच्चे मकान में सो रही थी। रात में आंधी के दौरान दीवार सहदेइया के ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से सहदेइया की भी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व राजस्व कर्मी पहुंचे और घटना की जांच की।