फतेहपुर। मौसम में आई नरमी मंगलवार को भी बरकरार रही, साथ ही तापमान एक और डिग्री गिरते हुए 38 पर आ गया। हालांकि जिले का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रिकार्ड किया गया। पूरा दिन हवा चली और आसमान में बादलों की आवाजाही बनीं रही। मौसम में बदलाव से जुकाम, बुखार के मरीज बढ़े हैं।
दो दिन से तापमान लगातार गिरा है। बीते शुक्रवार व शनिवार को जिले का तापमान 43 डिग्री पहुंच गया था। रविवार की शाम से मौसम के तेवर नरम पड़ गए। हवा चलने से गर्मी से राहत मिली। इसका नतीजा यह रहा कि सोमवार को अधिकतम तापमान 43 से सीधे 39 डिग्री पर आ गिरा, लेकिन मंगलवार को तापमान एक डिग्री कम होते हुए 38 पर पहुंच गया।
ग्रामीण इलाकों में बच्चे नहर में नहाते भी दिखाई दिए। मौसम में हो रहे इस बदलाव के कारण लोग जुकाम से पीड़ित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में जुकाम व बुखार से पीड़ित लोग आ रहे हैं। फिजीशियन डॉ. एनके सक्सेना ने बताया कि बीते दो दिनों में तापमान में पांच डिग्री का अंतर आया है। इससे लोग जुकाम से पीड़ित हो रहे हैं। मौसम विभाग के वसीम खान ने बताया कि बुधवार को भी तापमान में ज्यादा बढ़ोत्तरी के आसार नहीं हैं।
दो दिनों से तापमान में कमी आने से बिजली संकट में भी कमी आई है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। थरियांव उपकेंद्र से जुड़े 300 गांवों में पिछले कई दिनों से रात में ही कटौती की जाती है। शहर में भी रात को बिजली की आंखमिचौली से लोग परेशान है। उपखंड अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जो भी कटौती हो रही है वह ग्रिड से है।