फतेहपुर। मारपीट की शिकायत पुलिस से करने से नाराज आरोपियों ने किसान को पीट दिया। मामले में पुलिस ने प्रधान पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के पारादान निवासी अंकुश वर्मा ने बताया कि उसकी मां ममता देवी को नौ जुलाई को गांव के रामकृपाल ने खेत पर पीटा था। इसकी पुलिस चौकी में शिकायत की थी।
इसी खुन्नस में रामकृपाल के बेटे विक्रम और राजू 10 जुलाई को घर आए। पुलिस से शिकायत किए जाने की बात को लेकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सोमवार शाम पिता दिनेश खेत से घर आ रहे थे। रास्ते में तालाब के पास विक्रम, राजू समेत तीन लोगों ने पिता की बाइक में टक्कर मार दी।
पिता अनियंत्रित होकर गिर पड़े। पिता को इस दौरान प्रधान पति राममनोहर पाल ने पीटने के लिए आरोपियों को उकसाया। तभी पिता की विक्रम, राजू और उनके एक अज्ञात साथी ने लाठी डंडे से पिटाई की। बिंदकी सीएचसी से पिता को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।