फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के ज्वालागंज बस अड्डे पर मंगलवार रात जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच बवाल हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। इससे बस अड्डे के आसपास भगदड़ मच गई। कुछ देर के लिए वाहन जहां के तहां रुक गए। मारपीट में सभासद समेत नौ लोग घायल हुए हैं। जिन्हें मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। देर रात तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
बस अड्डे के पीछे चंदी तालाब के नाम जमीन है। जमीन पर कुछ लोगों का कब्जा है और इसे लेकर विवाद चला आ रहा है। करीब दो साल पहले तत्कालीन डीएम ने जमीन पर बनाए गए मकानों का निर्माण ढहाने के भी आदेश दिए थे। इसके बाद से जमीन पर नई प्लाटिंग नहीं हुई। कुछ दिनों से इस जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर फिर से चर्चा होने लगी है।
जमीन की इस खरीद फरोख्त को लेकर ज्वालागंज बस अड्डे पर पंचायत के लिए दो पक्ष इकट्ठा हुए थे। बातचीत के बीच दोनों पक्षों में गाली गलौज और फिर बवाल हो गया। दोनों पक्षों ने लाठी डंडे निकाल लिए और एक दूसरे को दौड़ा दौड़ाकर पीटने लगे। पथराव हुआ तो भगदड़ मच गई। मुख्य मार्ग होने के कारण वाहन सवार जहां के तहां रुक गए।
बवाल में एक पक्ष से मोहम्मद कासिम, सभासद मोहम्मद आरिफ, पत्रकार रईसुद्दीन, काफिल, नदीम उद्दीन को चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से सोहेल, अबरार समेत चार लोगों को चोटें आई हैं। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं आई है। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।