जाफरगंज। क्षेत्र के गढ़ी रोड केदारडेरा के पास गुरुवार को एक निजी कंपनी के डीलर के कर्मचारियों से लूट के मामले में वैन पर सवार चार बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार को एसपी ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने लुटेरों तक पहुंचने के लिए मुखबिरों के साथ ही सर्विलास की मदद ले रही है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के लालूगंज निवासी विश्वास गुप्ता एक घरेलू उत्पाद की कंपनी के डीलर हैं। गुरुवार को उनका सामान लेकर जहानाबाद आंबेडकर नगर निवासी लोडर चालक कल्लू, बकेवर के बेंता निवासी सेल्समैन विनय उर्फ गोपाल और सहायक सौरभ जाफरगंज बाजार गए थे। वहां माल बेचने व बकाया वसूलने के बाद शाम को जहानाबाद लौट रहे थे। गढ़ी रोड केदारडेरा के पास वैन सवार बदमाशों ने लोडर को ओवर टेक कर रोका था। उसके बाद सेल्समैन विनय को मारापीट कर दो लाख 40 हजार रुपयों से भरा बैग लूटकर लिया था। चालक और सहायक का मोबाइल छीनने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग गए थे।
एसपी राजेश सिंह, एएसपी राजेश कुमार, सीओ संजय सिंह घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सेल्समैन की तहरीर पर वैन पर सवार चार बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शुक्रवार को सेल्समैन को लेकर मांझेपुर, उमरियाबाजार,चांदपुर के सठिगवां में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। शक के आधार पर पुलिस कई लोगों को उठाया है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि लुटेरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।