फतेहपुर। बिंदकी बस स्टाप के समीप स्थित चर्मशोध समिति की बेशकीमती जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा कर लिया है। जमीन के चारों ओर दीवार खड़ी कर अपने चार पहिया वाहन खड़े कर रहा है। समिति के सभापति सुखवासी लाल और उपसभापति अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री और थाना प्रभारी को शिकायती पत्र भेजा है। डीएम से मिलकर अपनी समस्या रखी और जल्द से जल्द भूमाफिया से जमीन खाली कराकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
शिकायती पत्र में बताया गया है कि भूमाफिया ने चर्मशोधन औद्योगिक उत्पादन सहकारी समिति की जमीन पर रातोंरात चारों ओर दीवार खड़ी करके कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी है। लेकिन भूमाफिया धनबली और रसूखदार हैं, जिसके चलते अधिकारियों से मिलीभगत करके जमीन पर कब्जा जमाए है। जबकि शासन स्तर पर बहुत पत्राचार किया गया लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
बताया कि समिति के मशीन हॉल में रखी बिजली की मोटर, लोहे का सामान व उपकरण चोरी कर लिए गए हैं। इसके साथ ही समिति की जमीन पर दिन-रात बसें खड़ी करते हैं। डीएम को शिकायती पत्र देने के दौरान बृजेश कुमार, राजेंद्र कुमार, सैयादीन, धर्मपाल, रामपाल और केशनपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।