बहुआ। बांदा-कानपुर स्टेट हाईवे का जाम चालक व यात्रियों के लिए मुसीबत बन गया है। महाखेड़ा के पास ध्वस्त पड़ी सड़क से वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है। रविवार रात को एक ट्रक फंसने से जाम लग गया, जो सुबह हटाया जा सका। तब वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। उसमें भी दिनभर वाहन रेंगते रहे।
कानपुर-बांदा स्टेट हाईवे ललौली से महाखेड़ा तक सड़क बेहद खराब है। करीब 10 किमी खराब इस सड़क पर आए दिन कहीं न कहीं मौरंग, गिट्टी लोड ट्रक धंस जाता है। इससे जाम लग जाता है। रविवार रात महाखेड़ा गांव के पास रात नौ बजे ट्रक फंस गया जो सोमवार सुबह 10 बजे हटाया जा सका। 13 घंटे बाद आवागमन शुरू हुआ, लेकिन खराब सड़क और लंबी कतार के कारण दिनभर वाहन रेंगते
रहे। हल्के और सवारी वाहन बंधवा से बहुआ, मुत्तौर मार्ग से निकाले गए। लोगों का कहना है कि जाम का पांचवां दिन है। जो दिन में थोड़ी देर के लिए खुलता है। इसके बाद फिर कोई न कोई वाहन खराब हो जाता है। जिससे जाम लग जाता है। जब तक सड़क सही नहीं होगी, जाम की समस्या बनी रहेगी।