सलेमपुर खदान में पानी पर बनाया रास्ता। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
खागा। धाता थाना क्षेत्र के सलेमपुर मौरंग खदान में यमुना की जलधारा के बीच रास्ता बनाने की शिकायत पर एसडीएम खागा व जिला खनन अधिकारी टीम सहित मंगलवार की शाम खदान पहुंचे। इस दौरान एक बड़े भूखंड पर रास्ता बना पाया गया। अफसरों ने इस पर एनजीटी के नियमों का अध्ययन करने की बात कही।
खदान पर कई जगहों पर अवैध खनन के भी निशान मिले। चर्चा रही कि रात में अवैध तरीके से मौरंग निकाली जाती है। हालांकि अफसरों को बताया गया कि संचालकों की ओर से मौरंग कहां पर अच्छी है और कहां पर खराब, इसका परीक्षण किया गया है, यह निशान उसी दौरान के हैं।
एसडीएम अजय नारायण सिंह, जिला खनन अधिकारी राजेश कुमार टीम सहित धाता थाना क्षेत्र के सलेमपुर मौरंग खदान पहुंचे। यह खदान करीब सप्ताह भर पहले ही शुरू हुई है। यहां पर जलधारा में रास्ता बनाने की शिकायत थी। टीम जब पहुंची तो खदान में एक बडे़ भूखंड पर पानी के बीच रास्ता बना पाया गया।
यह भूखंड खदान मालिक के आवंटित भाग का हिस्सा पाया गया। खदान में कई जगहों पर बड़े-बड़े कुएं सरीखे गड्ढे भी खुदे पाए गए हैं। इससे अवैध खनन की आशंका जताई जा रही है। चार ओवरलोड ट्रकों का ई-चालान किया गया है।