फतेहपुर। जिले का पहला कंप्रेस्ड बॉयो गैस संयंत्र (सीबीजी) चांदपुर तृतीय (चांदपुर दक्षिण की ओर नोन नदी के पास) से हर दिन 10 मीट्रिक टन गैस (सीएनजी के रूप में ईंधन) का उत्पादन होगा। इसमें किसानों से पराली खरीदी जाएगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा व हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन भी मिलेगा। संयंत्र स्थापित करने के लिए बाउंड्रीवाल के लिए पिलर का काम शुरू हो गया है। संयंत्र निर्माण का टेंडर प्रक्रिया के तहत होगा।
जिले के गांव चांदपुर तृतीय में मेसर्स पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड को सीबीजी संयंत्र तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने 16.23 एकड़ सरकारी भूमि चिह्नित कर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रति वर्ष की दर से 30 वर्ष के लिए लीज पर दिया है। संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया में ही करीब डेढ़ साल लग गए। अब जमीनी स्तर पर काम शुरू हुआ है। जमीन के चारों ओर चहारदीवारी के लिए खंभे लगाए जा रहे हैं। संयंत्र के निर्माण के लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संयंत्र से मुख्य मार्ग तक करीब डेढ़ किमी का एप्रोच रोड बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। संयंत्र इसी सत्र में तैयार करके संचालन की तैयारी है। इसके संचालन से हर रोज करीब 120 टन पराली से बायो गैस का उत्पादन होगा। ये किसानों से तय रेट पर खरीदी जाएगी। इससे किसान बर्बाद होने वाली पराली से मुनाफा कमाएंगे। पराली न जलने से पर्यावरण प्रदूषित होने से बचेगा।