खागा। नगर के वार्ड नंबर-10 नई बाजार दक्षिणी मुसुआपर में कच्चे नाले और जर्जर मार्ग ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। क्षेत्र में मच्छरों की भरमार है। मोहल्ले में करीब 45 लोग बुखार से पीड़ित हैं। यहां संचारी रोग नियंत्रण के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है।
मोहल्ले में सलमा(40), शहीदा (65), रफीकुन (45), शोएब (22), नाज (13), रेशमा (19), फिरोज (35), आशिया (16) सहित 45 लोग बुखार से जूझ रहे हैं। सीएचसी हरदों अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार जायसवाल ने बताया मोहल्ले में लोगों के बीमार होने की जानकारी नहीं है। टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। सभासद वसीम घोषी ने बताया कि नाला और रास्ता निर्माण के लिए नगर पंचायत में प्रस्ताव किया जा चुका है। ईओ लालचंद्र मौर्या ने बताया कि बजट मिलने पर नाला व रास्ता निर्माण कराया जाएगा।
खागा। मोहल्ले के सरताज ने बताया कि करीब 200 मीटर लम्बा कच्चा नाला गंदगी से पटा हुआ है। बारिश में घरों से आवागमन भी बंद हो जाता है।
...............
खागा। मोहल्ले के इदरीश ने बताया कि मच्छरों की वजह से मोहल्ले में बीमारी फैली है। लोग परेशान हैं। हर घर में बुखार के मरीज मिल जाएंगे।
खागा। बुखार से पीड़ित सलमा बानों ने बताया कि बुखार की रोकथाम के लिए कोई कर्मचारी अब तक नहीं आया है। इतना ही नहीं नगर पंचायत से भी कोई सफाई कर्मी यहां सफाई के लिए नहीं पहुंचता है।