फतेहपुर। जबरन मजदूरी कराते समय एक युवक झुलस गया। मजदूर की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोचनपुर गांव निवासी शिवपूजन पासवान ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। जिसके बाद खागा कोतवाली पुलिस ने ओमप्रकाश सिंह उर्फ मास्टर निवासी विजय नगर खागा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शिवपूजन का आरोप है कि ओम प्रकाश सिंह के मकान की रंगाई पुताई का काम किया था। मकान के बाहर से सटकर 11 हजार केवीए की विद्युत लाइन निकली है। जिसे देखकर काम से मना किया था।
इस पर मकान मालिक ने 10 दिन की मजदूरी देने से मना कर गाली-गलौज की। ऐसे में जबरन वह पुताई करने लगा और करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
उसका इलाज और मजदूरी मांगने पर मकान मालिक ने जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल आनंद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि एससी/एसटी के तहत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना सीओ खागा करेंगे।