फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र सैठी गांव में शनिवार रात युवक की मौत सिर में चोट लगने से हुई थी। डॉक्टरों के पैनल युवक के शव का पोस्टमार्टम किया। इसके साथ ही बिसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस ने परिजनों के आरोप पर कुछ संदिग्धों को उठाकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस मौत दुर्घटना से होना मान रही है।
सैठी गांव निवासी चंद्रशेखर (35) गांव के पास शराब ठेका से 50 मीटर से दूर घायल हालत में पड़ा मिला था। परिजन सूचना पर उसे घर ले गए थे।
जहां हालत बिगड़ती देखकर उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने रविवार को डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत होना स्पष्ट हुआ है। डाक्टर ने शराब की पुष्टि के लिए बिसरा सुरक्षित किया है। मृतक के भाई जयपाल ने गांव के पांच लोगों पर भाई चंद्रशेखर से मारपीट का आरोप लगाया है।
उसका कहना था पिटाई के चलते उसकी मौत हुई है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़ा है और पूछताछ शुरू की है। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक शराब का लती था।
वह करीब दो घंटे तक रोड किनारे पड़ा रहा है। किसी ने उसके साथ मारपीट होना नहीं देखा है। सिर में चोट लगने से मौत हुई है। चोट दुर्घटना की वजह से लग सकती है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।